खरीफ उत्पादकता गोष्ठी और किसान मेले का भव्य आयोजन, योजनाओं की दी गई जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन के गौरी पैलेस में आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेले का उद्घाटन विधायक मूलचंद्र निरंजन, एमएलसी रमा निरंजन और डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में 32 स्टालों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, बैंकिंग व निजी संस्थानों ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी में किसानों को सोलर पंप, जैविक खेती, बीज, उर्वरक वितरण और ऑनलाइन पंजीकरण जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिक डॉ. मो. मुस्तफा ने दलहनी-तिलहनी फसलों की उपयोगिता पर चर्चा की, जबकि डॉ. विस्टर जोशी ने प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी।
विधायक ने कृषि योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और सिंचाई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एमएलसी रमा निरंजन ने महिलाओं को किचन गार्डन व पशुपालन के लिए प्रेरित किया।
डीएम पाण्डेय ने बताया कि पिछली खरीफ में फसल बीमा योजना के तहत ₹44.65 करोड़ की क्षतिपूर्ति 48 हजार किसानों को दी गई। गोष्ठी में किसान नेताओं ने बीज वितरण, अन्ना प्रथा रोकथाम और नहरों की सफाई पर जोर दिया।



