असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रखा डिब्रूगढ़ जिले में राज्य के मंत्रियों के लिए कार्यालय और सम्मेलन केंद्र की आधारशिला ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : प्रशासनिक व्यवस्था को ऊपरी असम की जनता के और करीब ले जाने के एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में तथा प्रशासनिक ढांचे में बदलाव के उद्देश्य से, राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा ने आज शुक्रवार को डिब्रूगढ़ में मंत्रियों के कार्यालय के साथ-साथ मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव के कार्यालय, और एक सम्मेलन केंद्र की आधारशिला रखी। यह परियोजना डिब्रूगढ़ जिले के माइजान के पलटन बाजार स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के पास 65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जाएगी। आधारशिला के बाद मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों के तहत प्रशासनिक ढांचे के निर्माण का यह कदम उठाया गया है। आज जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें मंत्रियों के लिए 20 कार्यालय, खाने-पीने की व्यवस्था वाले 10 कमरे, 350 सीटों वाला एक सम्मेलन केंद्र और 120 सीटों वाला एक सभा कक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा, मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिवों के कार्यालय वाले दोमंजिला भवन में अधिकारियों के कार्यालय कक्ष, एक कर्मचारियों का कार्यालय कक्ष, एक सभा कक्ष, गाड़ी पार्किंग की सुविधा और अन्य सभी जरूरी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी, ऐसी जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि ऊपरी असम में नागरिक केंद्रित विकास को तेज़ करने और राज्य प्रशासन को क्षेत्र के लोगों के और करीब ले जाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। असम के उद्योग और वाणिज्य विभाग के मंत्री बिमल बोरा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के मंत्री प्रशान्त फुकन, परिवहन विभाग के मंत्री योगेन मोहन, कई विधायक, अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति आज के आधारशिला कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


