पाकुड़ में स्टोन क्रशर लूटकांड का खुलासा, अन्तरराज्यीय गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार
Stone crusher robbery case in Pakur solved; three criminals from an inter-state gang arrested
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के विभिन्न स्टोन क्रशर प्रतिष्ठानों में नाइट गार्डों को बंधक बनाकर लूटपाट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटे गये क्रशर मोटर, घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी तथा महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में अपराधियों ने नाइट गार्डों एवं मजदूरों को बंधक बनाकर हथियारों के बल पर लूटपाट की थी। इसके अलावा रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के अंबियापहाड़ी स्थित एमएस दत्ता स्टोन, एमएस कृष्णा स्टोन वर्क्स और बलियापतरा स्थित एमएस मधुसूदन स्टोन में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापामारी दल (SIT) गठित किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर एक सप्ताह के भीतर मामलों का उद्भेदन किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार (36 वर्ष), रिंकु शेख (26 वर्ष) और नबी शेख (47 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन बड़े और दो छोटे क्रशर मोटर, एक क्षतिग्रस्त डीवीआर, दो मोबाइल फोन, हसुआ, तार कटर तथा चोरी में प्रयुक्त बड़ा पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न थानों में दर्ज अन्य आपराधिक मामलों से भी संबंध सामने आया है। तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार, एसडीपीओ कुमार गौरव सहित हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, रद्दीपुर और अन्य थाना एवं ओपी के पुलिस पदाधिकारी तथा तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।



