खैरथल

खैरथल नगरपरिषद की पहली बैठक में सफाई और रोड़लाइट के मुद्दों पर खुलकर बोले पार्षद 

शहर को जाम और अतिक्रमण से मिलेगी निजात

खेल ग्रांउड से युवाओ को होगा फायदा : विक्रम चौधरी 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। नगर परिषद खैरथल में भाजपा के नए बोर्ड के गठन के बाद सोमवार को नगर परिषद सभागार में सभापति विक्रम सिंह चौधरी की अध्यक्षता में पहली साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुंडावर विधायक ललित यादव, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उपसभापति सुमित रोघा सहित सभी 45 पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं विकसित करने सहित नौ प्रमुख एजेंडों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पार्षद नेमीचंद,सुभा शर्मा, चारू अग्रवाल, सर्वेश गुप्ता, संजय यादव, कर्ण सिंह महेंद्र यादव,पंकज रोघा ,सुमित रोघा , कंचन,टिंकू सरदार,दिलीप,कैलाश चंद शर्मा ने सफाई, पानी निकास, रोड़ लाइट  की अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से रखा सभी जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को सुना गया। पार्षद पंकज रोघा ने खाली पड़े प्लाटो की सफाई कराने, प्लाट मालिको को नोटिस देने और जब्ति की मांग को जो प्लाट कचरा पात्र बने पड़े है
सफाई और जलनिकास की मुख्य समस्या के लिए शहर में सीवर लाईन डालने की मांग की
टिंकू सरदार ने नालियों मे लगे बिजली के पोल हटाने,सुभाष चंद ने गली मे भरे पानी से निजात दिलाने, सर्वेश गुप्ता ने मातोर रोड के नालो की सफाई, और रोड़ लाइट लगवाने का मुद्दा उठाया
खास बात यह रही कि महिला पार्षदों ने भी खुलकर सभापति के सामने अपने वार्डों की समस्याएं रखीं। वार्ड पार्षद चारू अग्रवाल कंचन ने अपने अपने वार्ड में सफाई नही होने की ओर ध्यान खींचा उन्होंने महिलाओं से जुड़ी समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। बैठक में कई मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला और कुछ समय माहौल गरमाया रहा।अतिक्रमण हटाने में पक्षपात के आरोप लगाते हुए सर्वेश गुप्ता, सुमित रोघा और सभापति मे नौक झौक भी हुई सभापति ने कहा बिना भेदभाव अतिक्रमण हटाये गए है और हटाये जाएगे उप सभापति सुमित रोघा का कहना था कि अतिक्रमण को चिंहित कर नियमानुसार हटाना चाहिए मनमानी से नही हनुमान पहाड़ी के पास 7 बीघा में खेल ग्रांउड बनाने,रनिग ट्रेक बनाने का प्रस्ताव ध्वनि मत से पास हुआ सभी ने तालियां बजा कर खुशी जाहिर की।
 तीखी बहस और गहमागहमी के बीच बैठक का समापन हुआ।बैठक के बाद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रस्तावों की जानकारी दी।
रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक तक बदलेगा सड़क का स्वरूप
सभापति ने बताया कि रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक की तरफ जाने वाले मार्ग पर डिवाइडर हटाकर उसकी जगह आकर्षक रेलिंग लगाने की योजना है। रेलिंग पर आकर्षक लाइटिंग की जाएगी तथा सड़क के दोनों तरफ फैंसी लाइटें लगाकर मार्ग को सुंदर और रोशनी से जगमग बनाया जाएगा।
घुमंतू परिवारों को आवासीय भूखंड देने पर होगा विचार
किशनगढ़ रोड पर अंडरब्रिज के पास और गंदे नाले के समीप रहने वाले गढ़िया लोहार घुमंतू परिवारों के लिए भी सभापति ने संवेदनशील पहल की बात कही। उन्होंने बताया कि इन परिवारों को व्यवस्थित आवास उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आगामी बैठक अथवा सरकारी योजनाओं के माध्यम से चिन्हित कर लगभग 50 गज के आसपास के आवासीय भूखंड उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
बाजार में पार्किंग की समस्या होगी दूर, बनेगा दोपहिया वाहन स्टैंड
शनि मंदिर से अंडरब्रिज तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। शेष अतिक्रमण को भी हटवाने की बात कही गई। सभापति ने बताया कि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए शनि मंदिर से मजदूर स्टैंड तक दोपहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्टैंड विकसित करने की योजना है। इससे बाजार में बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों और यातायात की समस्या में राहत मिलेगी।
वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन होंगे निर्धारित
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और ठेला-रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाने के लिए वेंडिंग एवं नॉन वेंडिंग जोन निर्धारित किए जाएंगे। सभापति के अनुसार शनि मंदिर से अंडरब्रिज तक, फाटक से हेमू कॉलोनी चौक तक, हेमू कॉलोनी चौक से रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले मार्ग तथा फाटक से परशुराम भवन  तक के क्षेत्र को नॉन वेंडिंग जोन में शामिल करने की योजना है। इन स्थानों पर ठेला-रेहड़ी लगाने की अनुमति नहीं होगी।
वहीं ठेला संचालकों के लिए हेमू कॉलोनी चौक से पेट्रोल पंप तक चौड़े मार्ग पर वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। अग्रसेन चौक से आगे उपलब्ध खाली सड़क किनारे के स्थानों तथा अंडरब्रिज से हरसौली रोड स्थित अंबेडकर चौक तक भी वेंडिंग जोन निर्धारित करने पर विचार किया जाएगा। अंबेडकर सर्किल पर रास्ता बाधित करने वाले ठेलों को हटाकर यातायात सुचारू किया जाएगा।
युवाओं के लिए 6 से 7 बीघा भूमि पर बनेगा खेल मैदान और रनिंग ट्रैक
शहर के युवाओं की फिटनेस और खेल सुविधाओं को लेकर सभापति ने विशेष प्राथमिकता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस, सेना और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए शहर में पर्याप्त खेल मैदान और रनिंग ट्रैक नहीं होने के कारण उन्हें सड़कों पर दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को भी खतरा रहता है। इस समस्या को देखते हुए हनुमान पहाड़ी की तरफ नगर परिषद के स्वामित्व वाली लगभग 6 से 7 बीघा भूमि पर खेल मैदान विकसित करने की योजना है। यहां रनिंग ट्रैक सहित युवाओं की शारीरिक तैयारी और फिटनेस से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
दीपावली पर सजेगा मुख्य बाजार, नए शामिल गांवों में भी विकास को प्राथमिकता
सभापति ने बताया कि दीपावली के अवसर पर शहर के मुख्य बाजार के मार्गों पर आकर्षक सजावट और लाइटिंग की जाएगी। इसके साथ ही नगर परिषद में हाल ही में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता रहेगी। इन गांवों में सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा।
बैठक में मौजूद विधायक ललित यादव ने सुझाव दिया कि बैठक मे जो मुद्दे पार्षदों ने उठाये है आगे होने वाली बैठक मे बताया जाना चाहिए कौन कौन से कार्य हुए और कौनसे नही हुए। जो नही हुए वो क्यों नही हुए सभी पार्षोदो को खैरथल के विकास मे अपना योगदान देते हुए टीम भावना से कार्य करना चाहिए।
सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य खैरथल के सभी 45 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाना, शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना, यातायात और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाना तथा युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने ग्रेटर खैरथल की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button