बेतुल

बैतूल कोलगांव घाट पर ताप्ती भक्तों ने किया श्रमदान, नदी से निकाला कचरा

समाजसेवी उत्तमराव गायकवाड़ के आह्वान पर जुटे ग्रामीण और सामाजिक संगठनों के सदस्य, पारधी समाज के युवाओं ने जल में उतरकर की सफाई

मुलतापी से अन्य घाटों तक स्वच्छता अभियान चलाने का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बैतूल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस और वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी के अवसर पर आठनेर तहसील के कोलगांव घाट पर मां ताप्ती की स्वच्छता के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। समाजसेवी उत्तमराव गायकवाड़ के आह्वान पर आयोजित अभियान में कोलगांव, आठनेर और आसपास के गांवों के पटेलों, ग्रामीणों, युवाओं तथा सामाजिक संगठनों ने श्रमदान किया।
स्वस्ति लोकसेवा समिति, मां ताप्ती आरोग्य फाउंडेशन और सोनाघाटी की शमशेर सिंह भोसले नगर (पारधी बस्ती) के युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समाजसेवी अनिरुद्ध गुरुजी का विशेष योगदान रहा। पारधी समाज के युवाओं ने नदी में उतरकर प्लास्टिक, पूजन सामग्री, मूर्ति विसर्जन के बाद बचे प्लास्टर ऑफ पेरिस के अवशेष, पुराने कपड़े और गाद बाहर निकाली। प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जेसीबी मशीन से भी सफाई कार्य किया गया।
अभियान में समाजसेवी भूषण पंडाग्रे, गोलू उघड़े, विकास घोड़की, प्रतीक गलफट, इंकेश राजपूत, काले जी, सीए शिवम गुप्ता, इंजीनियर अचित पाठक, रोशन मगरदे, राहुल वडुकले, पंकज काले (पटेल), रोशन माकड़े (कोलगांव), शिवदयाल अमरुते (मांडवी), सत्येंद्र बोरबन (मांडवी), सिवनपाट मंदिर के पुजारी नीरज तिवारी और सुभाष अनघोरे सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने योगदान दिया। अभियान के बाद सभी ने साथ बैठकर प्रसाद स्वरूप सहभोज किया।
इस दौरान मां ताप्ती के जल और घाटों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा धार्मिक आयोजनों के बाद सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि अभियान को सिवनपाट-कोलगांव घाट तक सीमित न रखकर मां ताप्ती के उद्गम स्थल मुलतापी से अन्य घाटों तक नियमित स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button