बरेली
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मीरगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
शासन की मंशानुरूप के अनुरूप जनसमस्याओं का निस्तारण करने के दिए निर्देश

रबी-2025 के अंतर्गत कृषकों को सरसों एवं मसूर के निशुल्क मिनी किट किए वितरित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की तहसील मीरगंज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर उनके ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और बिना सूचना के अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशानुरूप आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनके प्रति संवेदनशील रहे तथा आम जनमानस के बीच जागरूकता पैदा करें कि वे अपनी समस्याएं स्वयं लेकर आएं, किसी बिचौलिया का सहारा ना लें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, पूर्ति, विकास, चकबन्दी, विद्युत, नगर विकास एवं लोक निर्माण आदि विभागों से संबंधित 53 शिकायते प्राप्त हुई। सम्पूर्ण समाधान दिवस में निवासी ग्राम तरसा पट्टी द्वारा सहखातेदार से विवाद पर खेत की पैमाइश कराकर हद निर्धारित कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर धारा-24 का वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए। एक अन्य शिकायतकर्ता ग्राम संजरपुर द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की गयी, जिस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार/राजस्व निरीक्षक को पैमाइश कराकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उक्त के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने रबी-2025 में फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाने तथा गन्ने के साथ सहफसली खेती हेतु सरसों एवं मसूर की निशुल्क मिनि किट कृषकों को वितरण किए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा, परियोजना निदेशक डूडा चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



