ललितपुर

सावधान! ट्रेनों में सक्रिय है बैग लिफ्टर गिरोह

रेलकर्मी समेत दो यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर रेलवे स्टेशन और इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जीआरपी ललितपुर ने दो दिनों के भीतर चोरी की दो बड़ी घटनाओं की एफआईआर दर्ज की है। शातिर चोरों ने न केवल एक आम यात्री की महंगी एप्पल वॉच पार कर दी, बल्कि रेलवे के ही एक स्टेशन मास्टर की वर्दी और जरूरी सामान से भरा बैग भी चोरी कर लिया।
पहली घटना-स्टेशन मास्टर की वर्दी और सामान चोरी
पहली घटना 7 फरवरी, 2026 की है। मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी बाबूराम पटेल पुत्र मथुरा प्रसाद पटेल, जो स्वयं रेलवे में कार्यरत हैं, महामना एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22164) के कोच डी-7 में यात्रा कर रहे थे। ललितपुर स्टेशन से ट्रेन चलने के मात्र 2 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया गया। सीट नंबर 104 के ऊपर रैक में रखा उनका ब्राउन रंग का बैग चोरी हो गया। बैग में 2 किलो घी, स्टेशन मास्टर की यूनिफॉर्म, रेलवे टॉर्च और घर व बाइक की चाबियां रखी थीं। जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना- वंदे भारत एक्सप्रेस में एप्पल वॉच गायब
दूसरी वारदात देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (22469) में हुई। मुंबई के वडाला निवासी मो. हसरत सैय्यद 31 जनवरी को टीकमगढ़ से निजामुद्दीन की यात्रा कर रहे थे। ललितपुर और झांसी स्टेशन के बीच, जब यात्री वाशरूम गया था। यात्री अपनी एप्पल वॉच वाशरूम में भूल गया था, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने पार कर दिया। इस मामले में जीआरपी ने धारा 305(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस जांच जारी
इन दोनों ही मामलों की जांच उपनिरीक्षक राजेश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस स्टेशन के रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों ही मामलों में आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं। जीआरपी यात्रियों से अपील कर रही है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान और बैग का विशेष ध्यान रखें, विशेषकर स्टेशन आने और जाने के समय।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button