पुरोला ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह को मिली सुप्रीम राहत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विकासखंड की ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी और निर्णायक राहत मिली है। जाति प्रमाण-पत्र से जुड़े विवाद के मामले में उच्चतम न्यायालय ने उनके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों पर लगी रोक को हटाते हुए सीज (Seal/Signature) अधिकार पुनः बहाल कर दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के बाद निशिता शाह अब पुनः ब्लॉक प्रमुख के रूप में अपने सभी वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन कर सकेंगी। न्यायालय के फैसले को उनके समर्थकों ने “सत्य की जीत” बताते हुए खुशी जाहिर की है।
फैसला आते ही पुरोला क्षेत्र में उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
वहीं राजनीतिक दृष्टि से भी यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से चले आ रहे इस प्रकरण को लेकर स्थानीय राजनीति में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
गौरतलब है कि निशिता शाह, पूर्व विधायक मालचंद की पुत्रवधू हैं और उनके सीज अधिकारों पर रोक लगने के बाद विकासखंड स्तर पर कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। सुप्रीम कोर्ट के इस ताजा आदेश के बाद अब विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।


