भरत पुर
राज्य सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत 2500 विद्यार्थियों ने किया ऐतिहासिक जलमहल का शैक्षिक भ्रमण
पर्यटन एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
भरतपुर। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण एवं फ्लैगशिप योजना पंच गौरव कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से डीग जिले में एक वृहद शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत एक जिला एक पर्यटन स्थल के रूप में चयनित ऐतिहासिक डीग महल (जलमहल, डीग) के वैभव और ऐतिहासिक महत्व से भावी पीढ़ी को सीधे तौर पर जोड़ने का अभिनव प्रयास किया गया है। पर्यटन विभाग राजस्थान, जिला प्रशासन डीग तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, डीग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत डीग जिले के पांच प्रमुख ब्लॉकों के विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक धरोहर का भ्रमण करवाया गया। शिक्षा विभाग के माध्यम से सुनियोजित इस भ्रमण कार्यक्रम में डीग, कामां (काम वन), कुम्हेर, बृजनगर और पहाड़ी ब्लॉक के स्कूली विद्यार्थियों ने पूर्ण उत्साह के साथ सहभागिता दर्ज की।
प्रशासनिक स्तर पर निर्धारित रूपरेखा के अनुसार, प्रत्येक ब्लॉक से 500 विद्यार्थियों का चयन कर कुल 2500 विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से डीग महल का अवलोकन करवाया गया। इस विस्तृत शैक्षिक भ्रमण के दौरान स्कूल विद्यार्थियों ने जलमहल परिसर में स्थित सभी ऐतिहासिक महत्व के स्थलों, स्थापत्य कला की बारीकियों और तत्कालीन जल-प्रबंधन प्रणाली का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को डीग के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक जानकारियां भी प्रदान की गईं।
पर्यटन विभाग, भरतपुर संभाग के संयुक्त निदेशक श्री संजय जौहरी ने इस पहल को रेखांकित करते हुए स्पष्ट किया कि पंच गौरव कार्यक्रम का मूल ध्येय ही स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना और युवा पीढ़ी के मन में अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति सम्मान और जागरूकता उत्पन्न करना है। यह वृहद भ्रमण कार्यक्रम निश्चित रूप से डीग जिले को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर एक नई और सुदृढ़ पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।


