महिलाएं जागरूक होंगी तभी समाज होगा सशक्त – उपासना मरांडी
Only when women become aware, society will become strong – Upasana Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पाकुड़ जिले के लड्डू बाबू आम बागान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महिला मोर्चा की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम ने की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर आदिवासी पारंपरिक नृत्य-गीत तथा मंदार-नगाड़ों की गूंज के बीच माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक संस्कृति और उत्साह से भरे इस आयोजन में महिलाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। जब महिलाएं जागरूक और सशक्त होंगी, तभी समाज भी सशक्त और विकसित बन सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षा, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए जेएसएलपीएस के माध्यम से फूलो-झानो योजना तथा मैया सम्मान योजना जैसी पहलें सराहनीय हैं। उपासना मरांडी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने का दिन है। साथ ही यह दिन महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए हुए संघर्ष की भी याद दिलाता है। इस अवसर पर महेशपुर महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष शुभलक्ष्मी मुर्मू, लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष अन्ना हेंब्रम, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मीना मुर्मू, पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष सुभाषिनी मुर्मू, अमड़ापाड़ा प्रखंड सचिव सोनम मुर्मू, सेनेली मुर्मू, शिवानी टुडू, अफसाना बीबी, सिलवानती टुडू, शांतिलता हेंब्रम, आसाशिनी सोरेन सहित सैकड़ों झामुमो महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।



