गाजियाबाद

ट्रॉनिका सिटी में नकली दवाओं के अवैध धंधे का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, स्थानीय थाना पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रही नकली दवाओं की फैक्ट्री का खुलासा दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में होने के बाद स्थानीय ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि इतने समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की जानकारी स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं हो सकी।
दिल्ली पुलिस को मिली पुख्ता गोपनीय सूचना के आधार पर की गई सुनियोजित छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाएं, पैकेजिंग सामग्री और आधुनिक मशीनें बरामद की गईं। बरामद सामान से यह स्पष्ट होता है कि यह कारोबार किसी छोटे स्तर पर नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर और व्यवस्थित तरीके से लंबे समय से चल रहा था।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह का अवैध धंधा बिना किसी प्रकार के संरक्षण के संभव नहीं है। लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस इस पूरे मामले से अनजान बनी रही या फिर अवैध वसूली के कारण जानबूझकर आंखें मूंदे रही। यह विषय अब आम जनमानस के बीच चर्चा का केंद्र बन चुका है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस क्षेत्र की निगरानी और नियमित गश्त की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस पर है, वहां बाहरी एजेंसी को आकर कार्रवाई करनी पड़ी। इससे न केवल स्थानीय पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि उसकी कार्यप्रणाली पर भी संदेह और गहरा हो गया है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस बड़े खुलासे के बाद उच्च अधिकारी स्थानीय पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराते हैं या फिर यह मामला केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा। फिलहाल दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना हो रही है, जबकि ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस की निष्क्रियता को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button