
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के वार्ड नंबर 17 स्थित मोहल्ला सिविल लाइन नई बस्ती गुल्लन भारा चक्की के सामने के निवासियों ने पेयजल की भीषण समस्या को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सालों से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे दैनिक कार्यों और पीने के पानी के लिए लोग भटकने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोहल्ले में पानी का एकमात्र सहारा एक हैंडपंप था, लेकिन पिछले एक माह से उसने भी पानी देना बंद कर दिया है। पीने के पानी की व्यवस्था न होने से पूरा मोहल्ला मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है। जिलाधिकारी को दिए पत्र में मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि मोहल्ले में जो नई पाइपलाइन डाली गई है, उसे तुरंत मुख्य लाइन से जोड़कर चालू किया जाए। खराब पड़े हैंडपंप में अतिरिक्त पाइप डलवाकर उसे क्रियाशील बनाया जाए। पानी की किल्लत को देखते हुए मोहल्ले में कुछ अतिरिक्त हैंडपंप लगवाए जाएं। जल संकट से जूझ रहे मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पत्र सौंपने वालों में विमलेश, सरोज, बिमला देवी, प्रतिभा राजा बुन्देला, सोनम, नीलम, निशा, कुसुम और रेखा झा सहित अनेक मोहल्लेवासी शामिल रहे।