
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद के जखौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मनगुवां में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर खेत में गिर जाने से एक किसान की करीब एक एकड़ खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्राम मनगुवां निवासी लक्ष्मीनारायण पुत्र राजधर के खेत में खड़ी फसल पर अचानक 11 हजार लाइन का बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे खेत में आग लग गई और देखते ही देखते लगभग एक एकड़ फसल जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राखपंचमपुर ग्राम प्रधान राजपाल सिंह यादव ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं सूचना पर थाना जखौरा से उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रेमबाबू और कांस्टेबल चन्द्रकांत शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही लेखपाल संजीव मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जली हुई फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में करीब एक एकड़ फसल के पूरी तरह जलकर नष्ट होने की पुष्टि हुई। किसान और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित किसान को जली हुई फसल का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।