गाजियाबाद
लोनी को मेट्रो से जोड़ने की मांग तेज, जिलाधिकारी को सौंपा गया प्रार्थना पत्र
शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो विस्तार के लिए GDA और DMRC से त्वरित कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से सटे लोनी क्षेत्र को मेट्रो सुविधा से जोड़ने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार को लोनी क्षेत्र के नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर शिव विहार (दिल्ली) से मंडोला विहार (लोनी) तक मेट्रो विस्तार की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि लगभग 15 से 20 लाख की घनी आबादी वाला लोनी क्षेत्र आज भी सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा से वंचित है। वर्तमान में यहां आवागमन के लिए केवल सीमित ऑटो और TSR जैसे साधन उपलब्ध हैं, जो न तो पर्याप्त हैं और न ही सुरक्षित। नागरिकों ने यह भी उल्लेख किया कि ट्रॉनिका सिटी जैसे औद्योगिक क्षेत्र और मंडोला विहार जैसी आवासीय योजनाएं, मेट्रो कनेक्टिविटी के अभाव में अपेक्षित विकास नहीं कर पा रही हैं। जबकि NCR के अन्य क्षेत्रों जैसे मेरठ और नोएडा तक मेट्रो का विस्तार हो चुका है, लोनी को इस सुविधा से दूर रखा जाना क्षेत्रीय असमानता को दर्शाता है। प्रार्थना पत्र में यह भी दावा किया गया कि दिसंबर 2024 में DMRC द्वारा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अब तक GDA की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी कारण मेट्रो विस्तार की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि GDA को तत्काल विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने, DMRC को आधिकारिक प्रस्ताव भेजने तथा परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही पूरी प्रक्रिया की समयबद्ध निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। यह प्रार्थना पत्र लोनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक जागरूक नागरिकों का समर्थन शामिल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मेट्रो विस्तार पर निर्णय नहीं लिया गया, तो वे इस मुद्दे को लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

