
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अवैध कारोबार पर सख्ती और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
गोड्डा : में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने मुफस्सिल थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के कार्यालय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित कांडों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में एसपी ने विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं कार्य प्रणाली को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने और उस पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का निर्देश दिया। एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को सक्रिय और सतर्क रहना होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




