नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के मीरपुर हिन्दू गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार गांव पंचायत मीरपुर हिन्दू में सतबीर और धर्मबीर के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर धर्मबीर पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में सतबीर के पुत्र मुन्नू और जोनी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोलीकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है।

