नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम भूरा निवासी जाउल हसन ने कोतवाली कैराना में दी तहरीर में बताया कि 24 मार्च को उसका भाई साबिर अपने दोस्त सलीम के साथ बाइक संख्या यूपी 19 एस 7985 से कौराना की ओर जा रहा था। जाउल हसन भी दूसरी बाइक से उनके पीछे चल रहा था। बताया कि जब वे भूरा गांव पार कर मंदिर के पास बड़ी लाइन के नीचे पहुंचे, तभी सामने से आ रही काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए साबिर की बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में साबिर के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि सलीम भी बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन लोगों की भीड़ जुटती देख अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को शामली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 28 मार्च की देर रात करीब दो बजे साबिर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम मेरठ में कराए जाने के बाद परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। वहीं घायल सलीम का उपचार करनाल स्थित कल्पना चावला अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।परिजनों का कहना है कि घायल के उपचार में व्यस्त होने के कारण तत्काल तहरीर नहीं दी जा सकी। बाद में बाइक नंबर एचआर 06 एआर 4985 के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

