बरेली
चाइल्ड फ्रेंडली टीकाकरण केंद्र खुशियों वाले टीकाकारण केंद्र : मंडलायुक्त
रूहेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मॉडल टीकाकरण केंद्र का हुआ उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : रूहेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन तथा 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ मंगलवार को मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी द्वारा किया गया।उद्घाटन के अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण जानलेवा बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है !
मेडिकल कॉलेज के चांसलर डॉ. केशव अग्रवाल ने कहा कि नवस्थापित मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर को राष्ट्रीय मानकों एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के अनुरूप विकसित किया गया है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि नवजात, शिशु एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाने में टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि जनपद में मेडिकल कॉलेज सहित कुल चार मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर स्थापित हो चुके हैं, जिससे टीकाकरण कवरेज में वृद्धि होगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ प्रशांत रंजन ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवीश अग्रवाल नें सदस्यों से अपील की कि वे अपने संस्थानों में एचपीवी टीकाकरण से संबंधित जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करें।नोडल अधिकारी (सार्वभौमिक टीकाकरण) डॉ. मेधावी अग्रवाल ने बताया कि मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर को चाइल्ड-फ्रेंडली बनाया गया है। इस अवसर पर प्रो-चांसलर डॉ. अशोक , वाइस चांसलर डॉ. लता, प्रिंसिपल एवं मेडिकल सुपरिटेंडेंट, प्रोफेसर ऑर्थोपेडिक्स वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



