बेतुल
बैतूल भोपाल में कोरकू संस्कृति का गौरवशाली प्रदर्शन
लोक कलाकार महादेव बारस्कर के नेतृत्व में गडली नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हुए शामिल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में भव्य मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। इस अवसर पर बैतूल जिले से कलाकार महादेव बारस्कर के नेतृत्व में आदिवासी कोरकू समुदाय की पारंपरिक गडली सुसुन नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
गडली नृत्य विशेषज्ञ दल प्रमुख महादेव बारस्कर, गायक कलाकार अर्जुन धोटे के मार्गदर्शन में प्रस्तुत इस लोकनृत्य ने कोरकू संस्कृति की जीवंतता, सामूहिकता और पारंपरिक लोक ध्वनियों की झंकार से वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मंच पर कोरकू समाज की पारंपरिक पोशाक, लोक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन और जोशपूर्ण नृत्य मुद्राओं ने सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में राज्य के संस्कृति मंत्री सहित राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ट्रैवल एवं टूरिज्म प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
मध्यप्रदेश संस्कृति संचालनालय द्वारा आयोजित इस विशेष प्रस्तुति का आयोजन 11 अक्टूबर की सायं 7 बजे किया गया था। दिल्ली की सुप्रतिष्ठित कोरियोग्राफर सुश्री मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में अमृतस्य मध्यप्रदेश शीर्षक से यह सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुति संयोजित की गई, जिसने प्रदेश की विविध लोक संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरो दिया।




