ललितपुर

लापरवाही पर भड़के सीएमओ

हॉटस्पॉट क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। संचारी रोगों के प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। इसी क्रम में सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बिरधा ब्लॉक के ग्राम रजवारा और कल्याणपुरा का सघन भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं संवेदनशील क्षेत्रों (हॉटस्पॉट्स) का चयन किया और वहां मौजूद जलभराव व नालियों की स्थिति को बारीकी से परखा।
सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख
सीएमओ ने नालियों और गडढों में जलभराव देख नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए। उन्होंने नालियों में नियमित रूप से एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेरों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि जनता की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान कबाड़ की दुकानों और पुराने टायरों में जमा पानी को भी तुरंत हटवाया गया।
घर-घर पहुंचेगी दस्तक
डा.अहमद ने आगामी दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की, जिसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाने और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने लाल निशान वाले उथले हैंडपंपों का पानी न पीने और केवल शुद्ध पेयजल का उपयोग करने के महत्व को समझाया।
संचारी रोग मुक्त जनपद
सीएमओ ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद को डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों से मुक्त बनाना है। भ्रमण के दौरान उनके साथ पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डा.सौरभ सक्सेना और वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव भी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button