गाजियाबाद
लोनी में धूमधाम से निकली ‘हिंदू धर्मोदय यात्रा’
हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी, विशाल हनुमान चालीसा पाठ बना आकर्षण का केंद्र

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हिंदू रक्षा दल द्वारा आयोजित “हिंदू धर्मोदय यात्रा” इस वर्ष भी भव्य और श्रद्धा से परिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में शामिल झांकियों ने दर्शकों का मनमोह लिया।
यात्रा का प्रारंभ सरकारी अस्पताल नाईपुरा से हुआ जहां आसपास की विभिन्न कॉलोनियों से एकत्रित होकर कार्यकर्ता 100 फूटा रोड, बिजली दफ्तर,पर पहुंचे । जहां विधिवत हवन-पूजन और आरती के बाद यात्रा हर्षोल्लास व धुमधाम के साथ प्रारंभ हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और संगठन मंत्री अमित प्रजापति ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह यात्रा बलराम नगर से होते हुए लोनी तिराहे तक पहुंची, जहां विशाल हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, यह पाठ देश के सबसे बड़े हनुमान चालीसा आयोजनों में से एक रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति का अद्भुत वातावरण बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक संगठन मंत्री अमित प्रजापति रहे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष श्रवण चंदेल ने आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था का सफल संचालन किया। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक विषयों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें लव जिहाद, गौ माता, अखंड भारत, बेटी बचाओ, नशा मुक्ति और प्रदूषण मुक्ति जैसे विषय प्रमुख रहे। ये झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं और सामाजिक संदेश देने में सफल रहीं।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह भंडारे, पुष्प वर्षा, प्रसाद वितरण और स्वागत समारोह आयोजित किए गए, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। कार्यक्रम में कई प्रमुख संत-महात्मा और सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें श्री 1008 महामंडलेश्वर अजब दास जी, भैया दास जी, धर्माचार्य अरुण कृष्णा महाराज, प्रीत सिरोही, चौधरी अनिल, अमित जानी, महंत मंगलदास उदासीन, पंडित वैभव शर्मा, ममता सहगल, , महामंडलेश्वर प्रवीण योगी प्रमुख रहे।
सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज में एकता, जागरूकता और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया तथा आयोजन की सराहना की। यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन में पुलिस प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन का विशेष योगदान रहा। लोनी पुलिस की व्यवस्था विशेष रूप से सराहनीय रही, वहीं डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी और एसीपी लोनी व अंकुर विहार सहित सभी थाना प्रभारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।
जिला अध्यक्ष सुधीर बघेल ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाते हुए पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाए रखा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने वालंटियर के रूप में अनुशासित और समर्पित भाव से अपनी भूमिका निभाई।
इस भव्य आयोजन में सुन्नी बजरंगी, संजीव जंगाला, अभिषेक जांगड़ा, नितिन प्रजापति, अविनाश वर्मा, दीपक पीलवान, विशाल शाह, मनोज प्रजापति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल भी तैनात रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



