गोड्डा

गोड्डा में पत्रकारों का फूटा गुस्सा

प्रशासन की उपेक्षा के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

अग्रसेन भवन में बैठक, डीसी को ज्ञापन सौंपने और राज्य स्तर तक मामला उठाने का निर्णय

गोड्डा: जिला प्रशासन के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये से नाराज गोड्डा जिले के पत्रकारों ने अग्रसेन भवन में एक अहम बैठक आयोजित की। बैठक में पत्रकारों ने एक स्वर में आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से जिला प्रशासन द्वारा मीडिया की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे पत्रकारों में गहरा आक्रोश है। पत्रकारों ने विशेष रूप से हाल ही में आयोजित गणतंत्र राजकीय महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग का व्यवहार चौथे स्तंभ मीडिया के प्रति अपमानजनक रहा। न तो कार्यक्रम की पूर्व सूचना दी गई और न ही कोई आधिकारिक आमंत्रण भेजा गया, जो प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है। इससे आहत होकर जिले के अधिकांश पत्रकारों ने जनसंपर्क विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप को छोड़ दिया। बावजूद इसके प्रशासन या विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई, जिससे उनका रवैया और भी स्पष्ट होता है। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि जिले में पहले नियमित रूप से मासिक प्रेस वार्ता आयोजित होती थी, जो अब बंद हो चुकी है। पत्रकारों ने इसे सूचनाओं को छिपाने की मंशा करार दिया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि अधिकांश विभागीय अधिकारी न तो फोन उठाते हैं और न ही मीडिया को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हैं।पत्रकारों ने निर्णय लिया कि इस पूरे मामले को लिखित ज्ञापन के रूप में उपायुक्त को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल, मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्री, मुख्य सचिव, आयुक्त और सूचना विभाग के निदेशक सहित विभागीय मंत्रालय को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी प्रशासन का रवैया नहीं बदलता है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। बैठक में नीरव किशोर, अभय परिवार, संतोष भगत, रंजीत राठौर, मनोज कुशवाहा, नरेंद्र गांधी, राजू, आलम, संजीव झा, अमरेंद्र सिंह, अमित सिंह, अजीत सिंह, अभिजीत तन्मय, दिलीप झा, ओम प्रकाश शुक्ला, कौशल किशोर और विश्वजीत कुमार सहित कई पत्रकार उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button