गाजियाबाद

लोनी मुस्तफाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने की मांग तेज

ट्रस्ट ने सीएम को भेजा पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) :  सामाजिक एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट (रजि.), लोनी ने निर्मित राजकीय इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद में जल्द से जल्द शिक्षण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोनी के उपजिलाधिकारी को पत्र भेजा है।ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी सरफराज अहमद ने बताया कि लोनी नगर पालिका परिषद क्षेत्र की आबादी लगभग 25 लाख तक पहुंच चुकी है। क्षेत्र में वर्षों पहले मुस्तफाबाद और प्रेम नगर लोनी में दो राजकीय इंटर कॉलेजों का निर्माण कराया गया था। इनमें से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, प्रेम नगर लोनी में शिक्षण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद लोनी अब तक भी संचालित नहीं हो पाया है, जबकि वहां कक्षाएं और फर्नीचर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।उन्होंने कहा कि कॉलेज शुरू न होने के कारण क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय छात्र-छात्राओं को मजबूरी में महंगे निजी स्कूलों और कॉलेजों में दाखिला लेना पड़ रहा है। अधिक फीस के चलते कई बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।ट्रस्ट ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। साथ ही 29 अक्टूबर 2021 को अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा निर्देश दिए जाने के बावजूद मुस्तफाबाद कॉलेज में अब तक शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
हाजी सरफराज अहमद ने कहा, “लोनी क्षेत्र की बड़ी आबादी और गरीब परिवारों की जरूरतों को देखते हुए मुस्तफाबाद स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जल्द शिक्षा कार्य प्रारंभ करना अत्यंत आवश्यक है। इससे हजारों बच्चों को सरकारी शिक्षा का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।”ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था और शिक्षण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।इस अवसर पर दिनेश शर्मा (अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक एसोसिएशन, तहसील लोनी), विनोद कुमार एडवोकेट, जुबैर आलम एडवोकेट, इश्तियाक खान एडवोकेट, वरिसुद्दीन, आमिर अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button