ललितपुर
गुरुद्वारा साहिब में पुष्प वर्षा के साथ मनाया गया होला महल्ला पर्व
गुरु की भक्ति के पक्के रंग में रंगे श्रद्धालु, कीर्तन और लंगर का हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में रविवार को लक्ष्मीपुरा स्थित गुरुद्वारा साहिब में होला महल्ला (होली) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर समूची संगत ने पुष्प वर्षा कर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ सुखमणि साहिब जी के पाठ से हुआ। इसके उपरांत रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन का गायन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। अरदास के पश्चात संगत के सहयोग से गुरु का अटूट लंगर छकाया गया और कड़ाह प्रसाद का वितरण किया गया। सभा को संबोधित करते हुए श्री गुरु सिंह सभा अध्यक्ष ओंकार सिंह सलूजा ने कहा कि लाल रंग तिसको लगा तिस केवड भागा मेला कदे ना होवई ना लागे दागा। उन्होंने होला महल्ला के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी परंपरा गुरु गोविंद सिंह जी महाराज ने आनंदपुर साहिब से शुरू की थी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने सिखों को कच्चे रंगों के बजाय नाम सिमरन और गुरुवाणी के पक्के रंग में रंगने का संदेश दिया है। होला महल्ला का मुख्य उद्देश्य अपनी शक्ति और भक्ति को गुरु के चरणों में समर्पित करना है। इस दौरान मुख्य रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष परमजीत सिंह छतवाल, महामंत्री सुरजीत सिंह सलूजा और मैनेजर केदार सिंह पिंटू मौजूद रहे। साथ ही अवतार सिंह, डा.जे.एस. बख्शी, दलजीत सिंह, जगजीत सिंह बॉबी, सतनाम सिंह भाटिया, हरजीत सिंह, गुरचरण सिंह सलूजा, आनंद सिंह, गौरव सिंह, अगमजोत सिंह, अरविंदर सिंह सागरी, प्रदीप खत्री, निर्मल सिंधी, पलविंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह अरोड़ा, संदीप सिंह और अनमोल सिंह सलूजा सहित भारी संख्या में संगत उपस्थित रही।



