
क्षेत्र के लोगों ने जताई नाराजगी, नाले के निर्माण पर भी उठाए सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : फरीदपुर–बुखारा मार्ग पर रेलवे फाटक के पास बन रहे निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु (ओवरब्रिज) को लेकर क्षेत्रवासियों में असंतोष गहराता जा रहा है। मोहल्ला बक्सरिया टीचर्स कॉलोनी के निवासियों व आसपास के ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) फरीदपुर को ज्ञापन सौंपा और पुल के दोनों ओर समान रूप से सर्विस लेन बनाए जाने की मांग की।
ज्ञापन में लोगों ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में संतुलन नहीं रखा जा रहा है। पुल के दक्षिण दिशा में जहां सर्विस लेन अपेक्षाकृत अधिक चौड़ी बनाई जा रही है, वहीं उत्तर दिशा में सर्विस लेन का निर्माण ही नहीं किया जा रहा है। इससे स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भविष्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
निवासियों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की मुख्य जीवनरेखा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि सर्विस लेन दोनों ओर समान रूप से नहीं बनाई गई, तो दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी।
इसके साथ ही ज्ञापन में दक्षिण दिशा में कराए जा रहे जल निकासी नाले के निर्माण पर भी सवाल उठाए गए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्य में सुधार कराने और दोनों ओर समान चौड़ाई की सर्विस लेन सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से राजेश शर्मा, ज्ञानी शर्मा, छेद लाल, दीपक सक्सेना, रमेश गुप्ता, शिवम गुप्ता, रामनाथ चंदेल, राजीव सक्सेना, बंटू प्रधान, सत्येंद्र सिंह (फौजी) सहित कई स्थानीय निवासी मौजूद रहे।



