बेतुल
बैतूल चिचोली नगर परिषद ने सरकारी राशि से निजी प्लॉटों में खुदवाए बोरवेल
कलेक्टर से एफआईआर की मांग, 24.83 लाख के नलकूप खनन में अनियमितता की जनसुनवाई में शिकायत

अध्यक्ष के निजी प्लॉट और होटलों में बोरवेल खुदवाने का आरोप
पार्षद नेहा रुपेश आर्य ने एफआईआर, तकनीकी जांच और ईओडब्ल्यू से जांच कराने की मांग की
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल/चिचोली। नगर परिषद चिचोली में पेयजल व्यवस्था के लिए स्वीकृत 24.83 लाख रुपये के नलकूप खनन कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा रुपेश आर्य ने 17 नवंबर को जनसुनवाई में कलेक्टर को शिकायत कर आरोप लगाया कि सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था के लिए स्वीकृत राशि से नगर परिषद अध्यक्ष के निजी प्लॉट, निवास, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बोरवेल खुदवाए गए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, नगर परिषद ने विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था के लिए 7 मई 2026 को ई-निविदा क्रमांक 2026_यूएडी_505684_1 जारी की थी। इसकी स्वीकृत लागत 24.83 लाख रुपये थी। आरोप है कि निविदा की शर्तों का पालन किए बिना वास्तविक खनन कार्य किसी अन्य अनधिकृत फर्म या व्यक्ति से कराया गया, जबकि भुगतान कागजों में दूसरी फर्म के नाम से किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्राक्कलन और मेजरमेंट बुक में नलकूपों की गहराई वास्तविक खनन से अधिक दर्शाई गई तथा मौके पर स्वीकृत संख्या के अनुसार भी नलकूपों का खनन नहीं कराया गया।
पार्षद ने कलेक्टर से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के अधिकारियों को शामिल कर स्वतंत्र तकनीकी जांच दल गठित करने की मांग की है। उन्होंने सभी नलकूपों का वार्डवार और खसरा नंबर के आधार पर भौतिक सत्यापन कराने, वास्तविक गहराई और केसिंग पाइप की लंबाई की तकनीकी जांच करने तथा खनन करने वाली मशीन, संबंधित फर्म के बैंक खातों, जीएसटी बिलों और लॉगबुक की जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर नगर परिषद अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), उपयंत्री और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा गबन की गई शासकीय राशि की पूरी वसूली की जाए।
मामले की शिकायत नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय भोपाल के आयुक्त, नर्मदापुरम संभाग के संयुक्त संचालक, लोकायुक्त, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) भोपाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैतूल और तहसीलदार चिचोली से भी की गई हैं।



