शामली

जलालाबाद बाईपास स्थित होलिका दहन एवं अंत्येष्टि स्थल का बदलेगा स्वरूप।

नगर पंचायत ने विकास कार्यों के लिए नगर विकास विभाग को भेजा प्रस्ताव, बाउंड्री वॉल और बरामदे का होगा निर्माण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जलालाबाद। नगर पंचायत जलालाबाद क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जलालाबाद बाईपास स्थित होलिका दहन स्थल एवं अंत्येष्टि स्थल को विकसित करने की योजना बनाई गई है। दोनों स्थलों के कायाकल्प के लिए नगर पंचायत की ओर से अंत्येष्टि स्थल योजना के तहत नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।प्रस्ताव के अंतर्गत दोनों स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरामदे का निर्माण भी कराया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से दोनों स्थानों को व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप मिलेगा। साथ ही यहां आने वाले नगरवासियों को भी पहले से अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।होलिका दहन स्थल पर प्रतिवर्ष होली के अवसर पर परंपरागत धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, जबकि अंत्येष्टि स्थल नगर की महत्वपूर्ण सार्वजनिक आवश्यकता है। ऐसे में इन दोनों स्थानों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। बाउंड्री वॉल बनने से परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं बरामदे के निर्माण से लोगों को धूप और बारिश के दौरान राहत मिलेगी।नगर पंचायत अध्यक्ष ज़हीर मलिक ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नगर के धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक महत्व वाले स्थलों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से बाईपास स्थित होलिका दहन स्थल और अंत्येष्टि स्थल के विकास का प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्धारित कार्य कराए जाएंगे।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ एवं व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी है। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद इन दोनों स्थलों का स्वरूप बेहतर होगा और नगर के विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button