गोड्डा
पथरगामा में वाहन जांच अभियान तेज, पुलिस सख्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा थाना क्षेत्र के बारकोप मोड़ के समीप पुलिस प्रशासन द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक अवर निरीक्षक नारद कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। जांच के दौरान दोपहिया वाहनों को रोककर डिक्की की तलाशी ली गई तथा हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक कागजातों की बारीकी से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त हिदायत दी गई और आवश्यक कार्रवाई भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों से भी नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, जिससे सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।



