अमरोहा
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जोया टोल प्लाजा पर निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
230 वाहन चालकों की आँखों की जाँच, निःशुल्क दवाइयों का वितरण

यातायात पुलिस व थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई 330 वाहनों पर एमवी एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा मे दिनांक 28.01.2026 को सड़क सुरक्षा माह एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए जोया टोल प्लाजा, जनपद अमरोहा पर एक निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों की नेत्र संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा।
शिविर में ट्रक, बस, टेंपो, ऑटो रिक्शा, मोटरसाइकिल एवं अन्य सभी प्रकार के वाहनों के चालकों की आँखों की जाँच की गई।
वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों से कुल 230 वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जाँच के उपरांत आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों एवं यातायात प्रभारी द्वारा वाहन चालकों को आँखों की देखभाल, नियमित नेत्र परीक्षण, थकान से बचाव तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। चालकों को बताया गया कि समय-समय पर आँखों की जाँच कराना न केवल उनके स्वयं के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर टोल प्लाजा के कर्मचारी, प्रभारी यातायात जनपद अमरोहा, यातायात पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शिविर को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।
सड़क सुरक्षा माह (जनवरी) के दृष्टिगत यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 330 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
जनपद अमरोहा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नियमित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराएं तथा स्वयं सुरक्षित रहकर दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई है।




