बाराबंकी
सावन के चौथे व अन्तिम सोमवार को लोधेश्वर महादेवा में भक्तों का जनसैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी : जनपद के रामनगर स्थित श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में सावन मास के अंतिम सोमवार को आस्था का अप्रतिम जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ तीर्थ नगरी महादेवा पहुंची और पूरे क्षेत्र को केसरिया रंग में रंग दिया। भक्तगण “हर-हर महादेव” व “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ भक्ति भाव में सराबोर दिखाई दिए। सड़कों पर श्रद्धालुओं के जत्थे—महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा—शिव जलाभिषेक के संकल्प के साथ बढ़ते जा रहे थे। लखनऊ, उरई, जालौन, झांसी, बांदा, हमीरपुर, सीतापुर, कानपुर, हरदोई, उन्नाव व बाराबंकी सहित विभिन्न जिलों से आए कांवड़ियों की सजी हुई कांवड़ें लोगों को आकर्षित कर रही थीं। श्रद्धालुओं की अनुमानित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार रात जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्वयं महादेवा पहुंचकर मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजीता अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत एवं कोतवाल अनिल कुमार पांडेय सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। जिले भर के शिवालयों में भी सोमवार तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए। डीएम और एसपी के साथ जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी कुनतेश्वर, मथेश्वर, कैलाश आश्रम, अवशानेश्वर मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों पर स्वयं मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।



