सिंगरौली

प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों पर रोक की मांग

ग्रामीण कांग्रेस जिला महामंत्री ने सौंपा आवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । ग्राम पंचायत पचौर, तहसील बरगवां, जिला सिंगरौली की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों की ओर से ग्रामीण कांग्रेस जिला महामंत्री उपेंद्र द्विवेदी ने आवेदन देकर सड़क पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।
आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत पचौर से गुजरने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर ईएमआईएल और बिरला कंपनियों के भारी वाहन दिन-रात आवागमन कर रहे हैं। सड़क संकीर्ण होने के कारण गांव के बीच जाम की स्थिति बन रही है। सड़क के किनारे रहवासी मकान, विद्यालय, दुकानें, गोदाम और पेड़-पौधे होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन के नियमों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर 8 टन से अधिक वजन वाले भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कंपनियों के दबाव में नियमों का उल्लंघन करते हुए गांव के बीच से भारी वाहनों का आवागमन जारी है। इससे सड़क जर्जर हो चुकी है और शेष बची सड़क की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनियों को निर्देशित कर प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे स्वयं भारी वाहनों को रोकने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button