शामली

समिति पर गेहूं खरीद में सुस्ती, किसानों में रोष

एसडीएम ऊन पहुंचे, भाकियू ने सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। सहकारी समिति पर गेहूं खरीद की धीमी रफ्तार से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और एसडीएम ऊन को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की।
चौसाना सहकारी समिति पर इन दिनों गेहूं खरीद प्रक्रिया सुस्त पड़ी है। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खटियान ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्र पर अनाज तौलने की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उनके अनुसार प्रतिदिन केवल 150 से 200 क्विंटल गेहूं की ही तौल हो पा रही है, जबकि टोकन लेने वाले किसानों की संख्या कहीं अधिक है। अब तक जारी करीब 500 टोकनों में से केवल 90 टोकनों का ही गेहूं खरीदा जा सका है। इससे बड़ी संख्या में किसानों का गेहूं घरों में ही पड़ा हुआ है और उन्हें बार-बार समिति के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
सूचना पर एसडीएम ऊन मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन देकर तौल की गति बढ़ाने और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। एसडीएम ने जल्द सुधार का आश्वासन दिया।
 मौके पर आशीष चौधरी, अरविंद कुमार, इमरान, हसन, बाबर, मुजम्मिल, मेहताब आदि मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button