शामली

शामली में विश्वविद्यालय, मेडिकल संस्थान और कृषि अनुसंधान केंद्र की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। जनपद में उच्च शिक्षा, आधुनिक चिकित्सा और कृषि अनुसंधान की सुविधाएं विकसित किए जाने की मांग को लेकर नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सा संस्थान और कृषि अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की मांग की गई।

मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में भारत परिवर्तन मंच के संयोजक डॉ. विकास पंवार सहित नागरिकों ने कहा कि शामली में उच्च शिक्षा, आधुनिक चिकित्सा और कृषि अनुसंधान की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को दूसरे जनपदों और राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में जनहित को देखते हुए जनपद में उच्च स्तरीय संस्थानों की स्थापना आवश्यक है।

ज्ञापन में संस्कृत विद्या विभाग और आधुनिक तकनीकी शिक्षा विभाग से युक्त विश्वविद्यालय शामली में स्थापित करने की मांग की गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर का चिकित्सा संस्थान और अत्याधुनिक अस्पताल खोलने का सुझाव दिया गया। चिकित्सा संस्थान में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी और होम्योपैथी समेत भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के समेकित उपचार एवं अनुसंधान की व्यवस्था करने की मांग की गई।

नागरिकों ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ का कैंपस शामली में स्थापित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि शामली कृषि प्रधान जनपद है और यहां कृषि क्षेत्र में अनुसंधान की व्यापक संभावनाएं हैं।

ज्ञापन में गन्ने की खेती को देखते हुए जनपद में गन्ना अनुसंधान एवं उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की मांग की गई। इसमें गन्ने की उन्नत प्रजातियों, कम पानी में गन्ने की खेती, ड्रिप सिंचाई, कृषि मशीनरी, एथेनॉल उत्पादन तथा गन्ने के अवशेष से ऊर्जा उत्पादन आदि विषयों पर अनुसंधान किए जाने का सुझाव दिया गया।

ज्ञापन देने वालों में भारत परिवर्तन मंच के संयोजक डॉ. विकास पंवार, नरेश कुमार चौधरी, कमलवीर सिंह, सत्येंद्र देशवाल, प्रमोद कुमार देशवाल और विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button