शामली
तारबंदी की लोहे की एंगल चोरी का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झिंझाना (शामली)। थाना झिंझाना क्षेत्र में बाग से चोरी हुई तारबंदी (फेंसिंग) में इस्तेमाल होने वाली लोहे की एंगल के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सामग्री भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 14 जनवरी 2026 को मौहल्ला खटिकान निवासी सतेन्द्र तोमर के बाग से अज्ञात चोरों द्वारा तारबंदी के लिए उपयोग होने वाली लोहे की एंगल चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना झिंझाना पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेशानुसार चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उमैर पुत्र शाहनवाज निवासी मौहल्ला चौक, थाना झिंझाना (हाल निवासी खैल खुर्द, कैराना) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से तारबंदी के लिए इस्तेमाल होने वाली 04 लोहे की एंगल बरामद की हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना झिंझाना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार, हेड कांस्टेबल किशनलाल व कांस्टेबल गुलफाम की टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


