अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकालने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी मंतशा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब तीन माह पूर्व थाना क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना निवासी आसिफ के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे लाखों रुपये नकद और बाइक की मांग कर रहे हैं।आरोप है जब उसने मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जांच शुरू कर दी है।