मथुरा
वृंदावन में नालियों पर बनीं रैंप, सीढ़ियां हटाईं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में जलभराव और जाम की समस्या से निजात के लिए नगर निगम ने बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सीएफसी चौराहे से लेकर पुलिस चौकी तक नालियों के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए पक्के रैंप और सीढ़ियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान को जारी रखते हुए सभी अवैध निर्माण हटवा दिए। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमणों के कारण नालियों की सफाई बाधित हो रही थी। इससे जलभराव की समस्या पैदा हो जाती थी। अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों द्वारा नालियों की गहराई तक सफाई भी की गई। व्यापारी नेता धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने इस कदम का समर्थन करते हुए कहा कि स्थायी समाधान के लिए नियमित सफाई आवश्यक है। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वे पक्के निर्माण के बजाय लोहे के फोल्डिंग रैंप का उपयोग करें। वहीं सफाई निरीक्षक सुभाष चंद्र ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि नालियों के ऊपर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



