पाकुड़ व्यवहार न्यायालय में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
International Yoga Day celebrated at Pakur Civil Court.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ के तत्वावधान में शनिवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार कुमार क्रांति प्रसाद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने तथा तनावमुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। योग शिक्षक महादेव घोष ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, सेतुबंधासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग की विधि, लाभ एवं सावधानियों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट योग के लिए समय निकालने की सलाह दी। कार्यक्रम में न्यायालय कर्मियों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के कर्मचारियों तथा पारा लीगल वॉलंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।



