सिंगरौली

वार्ड-40 में जलभराव वाले क्षेत्रों का पार्षद सीमा जायसवाल ने किया निरीक्षण

गड्ढों में डाली जा रही गिट्टी-मुरुम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच वार्ड क्रमांक-40 में जलभराव की समस्या को देखते हुए पार्षद सीमा जायसवाल ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पार्षद ने ताली बस्ती, ताली डीएव्ही रोड सहित अन्य जलभराव वाले स्थानों का जायजा लेकर मौके की स्थिति से नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सड़क पर बने गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्यों के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है। जलभराव से स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर गड्ढे पानी से भर जाने के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
समस्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में गिट्टी-मुरुम डालकर अस्थायी व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिल सके। पार्षद सीमा जायसवाल ने बताया कि वार्ड के कई हिस्सों में नल-जल योजना और सीवर लाइन का कार्य अभी अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण एजेंसियों द्वारा काम पूरा नहीं किए जाने के कारण बारिश के मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क निर्माण का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। नगर निगम में बजट उपलब्ध होने और बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। फिलहाल जलभराव और गड्ढों वाले स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था कर लोगों के आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्षद ने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को तत्काल राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। अधूरे नल-जल एवं सीवर कार्यों को पूरा कराने के लिए संबंधित एजेंसियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। हालांकि नगर निगम में बजट की कमी विकास कार्यों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।अब देखने वाली बात यह होगी कि जलभराव और सड़क पर बने खतरनाक गड्ढों की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है, ताकि वार्डवासियों को हर साल बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button