भरत पुर
भुसावर में सीसीटीवी कैमरे बंद, अपराधियों के हौसले बुलंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर कस्बे में नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक स्थानों और मुख्य चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अब मात्र शोपीस बनकर रह गए हैं। लाखों की लागत से लगाए गए ये कैमरे अधिकांश स्थानों पर खराब पड़े हैं, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कैमरों के बंद होने का सीधा फायदा अपराधियों को मिल रहा है। क्षेत्र में चेन स्नैचिंग और बाइक चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से फरार हो जाते हैं, क्योंकि उनकी पहचान के लिए कोई ठोस तकनीकी सबूत उपलब्ध नहीं हो पाता।
पुलिस को भी अपराधियों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई मामलों में पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में आरोपी बच निकलते हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द ठीक कर पुनः चालू करवाना चाहिए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।


