भरत पुर

बैंक से लौट रही नगला सीर निवासी महिला से दिनदहाड़े लूट

कुंडल और मंगलसूत्र लेकर बदमाश फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। कस्बे में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार दोपहर भुसावर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के साथ दिनदहाड़े लूटपाट की और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला सीर निवासी सम्पति देवी पत्नी केदार जाटव सोमवार, 4 मई 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे भुसावर स्थित यूको बैंक से केवाईसी करवाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में बाबू मीणा की नीबू की बगीची के पास पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
गला दबाकर जान से मारने का प्रयास
पीड़िता के पुत्र पप्पू जाटव (निवासी नगला सीर) द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, बदमाशों ने महिला को दबोच लिया और उनके कान के सोने के कुंडल व गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इसके अलावा बदमाशों ने उनके पास मौजूद 5000 रुपये नकद भी लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की और उन्हें बेहोशी की हालत में छोड़कर भुसावर की ओर फरार हो गए।
काले रंग की स्प्लेंडर से आए थे बदमाश
बताया जा रहा है कि दोनों लुटेरे काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button