युवा संसद में ललितपुर की गार्गी शर्मा का शानदार प्रदर्शन
यूपी विधानसभा में बजट 2026 पर ओजस्वी भाषण देकर बटोरीं खूब सराहनाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद की प्रतिभाशाली छात्रा गार्गी शर्मा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से ललितपुर का नाम रोशन किया। बजट 2026 जैसे महत्वपूर्ण विषय पर दिए गए उनके तार्किक, ओजस्वी और विश्लेषणात्मक भाषण ने सदन में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और अतिथियों को प्रभावित किया। प्रतिष्ठित पं.प्रताप नारायण शर्मा की पौत्री तथा अधिवक्ता मनीष कुमार शर्मा एवं मनीषा शर्मा की सुपुत्री गार्गी शर्मा वर्तमान में बी.ए. एल.एल.बी. तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने युवा संसद के मंच पर युवाओं के दृष्टिकोण से बजट 2026 का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, सतीश महाना, गिरीशचंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे। गार्गी शर्मा ने अपने संबोधन में हेगेलियन डायलेक्टिक शैली का प्रभावी उपयोग करते हुए बजट के विभिन्न पहलुओं पर बेबाकी और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे। अपने भाषण के समापन पर उन्होंने राष्ट्र निर्माण की शुरुआत संपत्तियों से होती है जैसे प्रेरणादायी विचार के साथ सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने न केवल उनकी कानूनी समझ, तार्किक क्षमता और वक्तत्व कौशल का परिचय दिया, बल्कि पूरे ललितपुर जिले को भी गौरवान्वित किया। गार्गी शर्मा की इस उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है।


