
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील के मण्डोला-मीरपुर क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन और आवास विकास परिषद पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए 25 मई को गाजियाबाद जिलाधिकारी कार्यालय पर महापंचायत और घेराव करने का ऐलान किया है। आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत करेंगे।
किसानों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। किसानों का आरोप है कि मण्डोला आवास विकास परिषद द्वारा लंबे समय से आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन बाद में अधिकारी अपने वादों से पीछे हट जाते हैं। किसानों ने कहा कि वर्षों पुराने मकानों को अवैध निर्माण बताकर उनकी जमीन परिषद के नाम दर्ज की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
बैठक में मीरपुर हिंदू सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि इस परियोजना को लेकर उनके साथ अन्याय किया गया है और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है। इससे किसानों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
भाकियू टिकैत के नेताओं ने बताया कि 25 मई को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पर महापंचायत आयोजित होगी। इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से DM कार्यालय का घेराव किया जाएगा और मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
किसान नेताओं ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने, वादा खिलाफी बंद करने और प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है। संगठन ने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों से बड़ी संख्या में पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।


