सुप्रीम कोर्ट से आलमगीर आलम को मिली जमानत, कांग्रेसियों में जश्न का माहौल
Alamgir Alam gets bail from Supreme Court, Congress workers celebrate

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पाकुड़ समेत पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। जमानत की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की तथा कई स्थानों पर पटाखे भी फोड़े गये। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रदेश महासचिव उदय लखमणि तथा प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक सहित कई नेताओं ने इसे “सच्चाई की जीत” बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को जेल भेजने का काम किया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। नेताओं ने कहा कि आलमगीर आलम की पत्नी विधायक निशात आलम ने झारखंड विधानसभा आम चुनाव में सार्वाधिक मतों से जीत दर्ज कर क्षेत्र की जनता का विश्वास हासिल किया है। अब आलमगीर आलम के पुनः सक्रिय होने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा आम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि आलमगीर आलम के आने से पार्टी संगठन पहले से अधिक मजबूत होगा और क्षेत्र में जनहित के कार्यों को नई दिशा मिलेगी। इस दौरान कोषाध्यक्ष असद हुसैन, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, प्रवक्ता मुख्तार हुसैन, मुखिया प्रतिनिधि सेलिम हुसैन, शहनाज़ बेगम, मोनिता कुमारी,जालालुद्दीन शेख, रामविलास महतो, पियारुल इस्लाम, सेराज शेख, कृष्णा यादव, जहरुल शेख समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।



