खैरथल

पंचायतीराज आम चुनाव-2026

चतुर्थ चरण के मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए हुए रवाना

14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए होगा मतदान, चार पंचायत समितियों में 117 ग्राम पंचायतों के 427 मतदान केंद्रों पर होंगे चुनाव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण में जिले की पंचायत समितियों कोटकासिम, टपूकड़ा, मुंडावर एवं ततारपुर में 14 एवं 16 नवंबर को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के साथ अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 नवंबर को जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए तथा 16 नवंबर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान संपन्न करवाया जाएगा। मतदान दलों को निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं अन्य निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। वितरण केंद्र पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाकर अंतिम आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
जिले में चतुर्थ चरण के अंतर्गत चार पंचायत समितियों कोटकासिम, टपूकड़ा, मुंडावर एवं ततारपुर में कुल 117 ग्राम पंचायतें एवं 427 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें पंचायत समिति कोटकासिम की 32 ग्राम पंचायतों में 121 मतदान केंद्र, टपूकड़ा की 29 ग्राम पंचायतों में 98 मतदान केंद्र, मुंडावर की 30 ग्राम पंचायतों में 117 मतदान केंद्र तथा ततारपुर की 26 ग्राम पंचायतों में 91 मतदान केंद्र शामिल हैं।
इन चारों पंचायत समितियों में कुल 3 लाख 55 हजार 314 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 86 हजार 26 पुरुष एवं 1 लाख 69 हजार 288 महिला मतदाता शामिल हैं। पंचायत समिति कोटकासिम में 97 हजार 9, टपूकड़ा में 86 हजार 843, मुंडावर में 93 हजार 745 तथा ततारपुर में 77 हजार 717 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक दल निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान संबंधी सभी तैयारियां पूर्ण कर ले।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा 14 एवं 16 नवंबर को होने वाले चतुर्थ चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button