गोरखपुर
गोला में धूम-धाम धूमधाम से मनाया गया खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव
भजनों की धुन पर झूमे श्याम प्रेमी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : उपनगर गोला वार्ड नंबर-07 में श्री श्याम भक्त मण्डल गोला ट्रस्ट के तत्वावधान में शुक्रवार को बाबा खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूम-धाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गोला बाजार सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने पहुंचकर बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई और ताली कीर्तन के माध्यम से बाबा श्याम को रिझाया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार,बाबा खाटू श्याम जी को भगवान श्रीकृष्ण का कलयुग का अवतार एवं हारे का सहारा माना जाता है। मान्यता है कि जो भक्त सच्चे मन और श्रद्धा से बाबा के दरबार में शीश झुकाता है, बाबा उसकी पुकार अवश्य सुनते हैं। बाबा श्याम का जन्मोत्सव भक्तों के लिए केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति, समर्पण और अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस दिन भक्त बाबा के जन्म की खुशियां भजन-कीर्तन, संकीर्तन और सेवा के माध्यम से मनाते हैं।
जन्मोत्सव के दौरान पूरा वातावरण बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो उठा। श्याम प्रेमियों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बाबा के जन्मोत्सव की खुशियां मनाते हुए भक्तों ने नृत्य एवं संकीर्तन के साथ उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल अपनी पूरी मंडली एवं सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे। आयोजन में सभी सदस्यों एवं सहयोगियों ने श्रद्धापूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। देर रात तक भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भोजन प्रसाद का वितरण किया गया।



