कैराना

चार मंजिला स्कूल भवन पर एमडीए का एक्शन, मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद टीम ने किया नोटिस जारी

बिना स्वीकृत मानचित्र के भवन निर्माण व स्कूल संचालन का आरोप

एमडीए ने जारी किया नोटिस, भवन स्वामी से मांगे गए अभिलेख
दैनिक नेशनल प्रेस टाइम की खबर का हुआ असर, 27 मई के अंक में प्रमुखता के साथ खबर की थी प्रकाशित
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नगर के मोहल्ला कलालान स्थित एक निजी स्कूल भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत के बाद मुजफ्फरनगर-शामली विकास प्राधिकरण (एमडीए) की तीन सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भवन निर्माण से संबंधित स्वीकृत मानचित्र और अन्य अभिलेखों की जानकारी मांगी गई, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। गत 27 मई के अंक में दैनिक नेशनल प्रेस टाइम में खबर प्रकाशित होने के बाद हुई कार्रवाई।
मोहल्ला कलालान निवासी अकबर अब्बास जैदी ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि जामा मस्जिद के निकट स्थित एक आवासीय प्लॉट पर विकास प्राधिकरण के मानकों की अनदेखी करते हुए चार मंजिला भवन का निर्माण कराया गया है। आरोप है कि उक्त भवन में डीएल स्कूल के नाम से विद्यालय संचालित किया जा रहा है, जबकि भवन का मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि बहुमंजिला भवन सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है, जिससे भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी संभावित हादसे के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। शिकायत में भवन की गुणवत्ता, टिकाऊपन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए गए हैं।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई तथा आवश्यक होने पर भवन ध्वस्तीकरण की मांग की गई है।शिकायत की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, सचिव एवं उपाध्यक्ष मुजफ्फरनगर-शामली विकास प्राधिकरण तथा जिलाधिकारी शामली को भी भेजी गई है। उधर, शिकायत के आधार पर एमडीए की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। एमडीए के इंजीनियर जगदेव सिंह ने बताया कि भवन से संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है। भवन स्वामी को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले अधिकारी
एमडीए के इंजीनियर जगदेव सिंह ने बताया कि भवन के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। स्वीकृत मानचित्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button