गोड्डा

नशामुक्त समाज को लेकर संकल्प की जरुरत : सिविल सर्जन

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर डालसा की ओर से विधिक जागरुकता शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर सदर अस्पताल परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डा.सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से तंबाकू, सिगरेट और गुटखे की चपेट में आ रही है। तंबाकू न सिर्फ कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का कारण बनता है, बल्कि यह परिवार को आर्थिक रूप से भी तबाह कर देता है। उन्होंने अपील की कि समाज के हर वर्ग को आगे आकर अपने आस-पास के लोगों को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा।विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरुकता रथ को भी रवाना किया गया है। मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. तारा शंकर झा ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2026 की थीम है: “तंबाकू: हमारे पर्यावरण के लिए खतरा”। यह थीम तंबाकू के सेवन से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान के साथ-साथ इस बात पर भी जोर देती है कि कैसे तंबाकू की खेती, उत्पादन और इसका कचरा हमारे पूरे पर्यावरण (मिट्टी, पानी और हवा) को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा रहा है। यह दिवस हर साल 31 मई को दुनिया भर में लोगों को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। मौके पर अधिकार मित्र नवीन कुमार व अविनाश सिंहा ने नालसा (डॉन) योजना, 2025 पर प्रकाश डाला। कहा कि राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य “नशामुक्त भारत” के सपने को साकार करना और समाज से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना है। इसके तहत डालसा टीम सुदूरवर्ती गांवों, स्कूल, कॉलेज, ब्लॉक और ग्रामीण स्तर पर जाकर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और रैलियों का आयोजन कर युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों और इसके कानूनी परिणामों के बारे में शिक्षित कर रही है। मौके पर सदर अस्पताल के मैनेजर मोनाली राय व साकेत, शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, डीपीएम रवि रंजन, अनुराग भारती, शंभू गोस्वामी, मनोज कुमार महतो, प्रियंका कुमारी, पूनम कुमारी, मुर्सरफ परवनीन सहित दर्जनों कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button