नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम कुआंगांव निवासी जण्डेल सिंह पुत्र बुद्धलाल विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध कब्जा हटाने संबंधी न्यायालय के आदेश के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। पीडि़त के अनुसार ग्राम सभा की आराजी संख्या 1438 रकबा 0.115 हेक्टेयर बंजर भूमि को लेकर तहसीलदार न्यायालय महरौनी में धारा 67 के अंतर्गत मुकदमा चलाया गया था। न्यायालय ने अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध क्षतिपूर्ति, जुर्माना तथा निर्माण ध्वस्तीकरण का आदेश भी पारित किया था। बाद में इस मामले में दायर अपील भी निरस्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद भूमि से कब्जा नहीं हटाया गया है और न ही क्षतिपूर्ति एवं जुर्माने की वसूली की गई है। पीडि़त ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से ग्राम सभा की बंजर, चारागाह और पत्थर वाली भूमि पर कई लोगों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जण्डेल सिंह ने बताया कि उन्होंने पूर्व में भी जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी तथा आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच और कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन कराते हुए अवैध कब्जा हटाने, क्षतिपूर्ति व जुर्माने की वसूली कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुन: आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।


