नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया ने नए अध्यक्ष का किया एलान
ज्योतिप्रकाश चटर्जी को मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बागी सांसदों के गुट के नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय के बाद यह छोटी राजनीतिक पार्टी अचानक चर्चा में आ गई है। इसी बीच पार्टी ने ज्योतिप्रकाश चटर्जी को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जानकारी टीएमसी के बागी खेमे की प्रमुख नेता काकोली घोष दस्तीदार ने दी।
तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट की अहम सदस्य काकोली घोष दस्तीदार के मुताबिक, टीएमसी के बागी लोकसभा गुट के साथ विलय के बाद चर्चा में आई एनसीपीआई ने ज्योतिप्रकाश चटर्जी को अपना नया अध्यक्ष बनाया है। एक दिन पहले नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) की संस्थापक शेउली कुंडू ने एनसीपीआई प्रमुख का पद छोड़ दिया था।
अध्यक्ष पद को लेकर अटकलों पर विराम- इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी कि शायद काकोली घोष दस्तीदार खुद पार्टी की कमान संभालेंगी। लेकिन मंगलवार को पीटीआई से बातचीत में उन्होंने साफ किया कि ज्योतिप्रकाश चटर्जी ही एनसीपीआई के नए अध्यक्ष हैं।
नए अध्यक्ष के बारे में किसी को जानकारी नहीं-दिलचस्प बात यह है कि पार्टी के नए अध्यक्ष ज्योतिप्रकाश चटर्जी के बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है। यहां तक कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनके बारे में नहीं जानते। खुद को एनसीपीआई का राष्ट्रीय संगठन महासचिव बताने वाले शांतनु डे ने कहा कि उन्हें नए अध्यक्ष के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि ज्योतिप्रकाश चटर्जी कौन हैं। क्या चल रहा है, इसकी भी मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैंने इस पार्टी के लिए काफी मेहनत की है। बड़े नेताओं के आने से खुशी है, लेकिन अब तक हमसे कोई संपर्क नहीं किया गया है। हमें अंधेरे में रखा जा रहा है, जिससे मैं निराश हूं’।


