नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र की चिरौड़ी मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से स्टेशनरी और इलेक्ट्रॉनिक्स की दो दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, चिरौड़ी मुख्य मार्ग स्थित मार्केट की ऊपरी मंजिल पर मौजूद दुकानों में सुबह करीब 7 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के कारण दुकानों में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

